HimachalNational

सुक्खू ने हमीरपुर में फहराया राष्ट्रीय ध्वज, राज्यत्व दिवस की दी बधाई, कल डीए किस्त की आस

 

हाइलाइट्स

  • भारी बारिश ने आयोजन में खलल डाला, जतना परेशान
  • सीएम बनने के बाद पहली बार गृहजिला पहुंचे सुक्खू
  • उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और उद्योग मंत्री रहे मौजूद

टीएनसी, संवाददाता

हमीरपुर।  हिमाचल प्रदेश का 53वां पूर्ण राज्यत्व दिवस धूमधाम से मनाया गया। हमीरपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) के मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सुबह 11:00 बजे  राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। भारी बारिश ने आयोजन में खलल डाला। मैदान में जगह-जगह पर पानी भरा रहा।  प्रशासन ने ग्राउंड में कंक्रीट डालकर इसे लेवल करने का प्रयास किया, लेकिन मार्च पास्ट करने वालों को ऐसे ही परेड करनी पड़ी। बारिश से बचने के लिए वीआईपी  की दीर्घा में वाटर प्रूफ टेंट लगाया गया।इसी तरह मैदान के चारों तरफ भी लोगों को बैठने के लिए टेंट की व्यवस्था की गई है। बावजूद इसके गणतंत्र दिवस की परेड देखने के लिए मैदान में आने वालों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। मुख्यमंत्री बनने के बाद सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहली बार अपने गृह जिला में पहुंचे हैं। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान भी परेड के दौरान मौजूद रहे।

 

कल कर्मियों को डीए किस्त की आस

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पूर्ण राज्यत्व दिवस पर कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते यानी डीए की किस्त की घोषणा कर सकते हैं। महंगाई भत्ते की करीब सात फीसदी किस्त पिछली सरकार के कार्यकाल से ही देय है। कर्मचारियों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता एक जनवरी 2022 से देय है, जबकि चार प्रतिशत जुलाई 2022 से दिया जाना है। वर्तमान में कर्मचारियों को 31 फीसदी महंगाई भत्ता दिया जा रहा है।

 

झांकियों में दिखी कल्याणकारी योजनाओं की झलक

भव्य परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस, महिला पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। परेड के बाद लगभग एक दर्जन विभागों ने झांकियों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं की शानदार झलक पेश की। विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दल और संस्थाओं के कलाकार लोक संस्कृति की शानदार झलक पेश करते नजर आए।

सुक्खू ने दी बधाई
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल प्रदेश के 53वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने वीर नायकों, हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार और प्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त करने वाली महान विभूतियों को याद किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का अविस्मरणीय योगदान रहा है और बर्फबारी के बीच 25 जनवरी 1971 को प्रदेश की जनता को यह सौगात देने वे स्वयं शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पहुंची थीं।

 

Akhilesh Mahajan

“Work your craft; until it becomes an art form.”

Leave a Reply