Shivratri Mela 2023: 10 साल बाद सेरी मंच पर होंगी सारी सांस्कृतिक संध्याएं, आम सभा में बनी सहमति
निर्देश
- मेले के दौरान मंडी शहर की स्वच्छता का विशेष ध्यान देने रखे नगर निगम
- मंडी के प्रमुख मंदिरों के आसपास साफ सफाई की उचित व्यवस्था हो
- दूरदराज से शिवरात्रि में आने वाले लोगों को मिले परिवहन की सुविधा
- सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रदेश के लोक कलाकारों को विशेष प्राथमिकता
- स्मारिका में मंडी शिवरात्रि से जुड़े इतिहास को प्रमुखता से समेटा जाए
- खेलकूद प्रतियोगिताओं में वरिष्ठ नागरिकों को विशेष तौर पर करें शामिल
- निराश्रित, दिव्यांगों, वृद्वजनोें के लिए आवाजाही के लिए विशेष व्यवस्था
टीएनसी, संवाददाता
मंडी। 10 साल बाद अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की सभी सांस्कृतिक संध्याएं सेरी मंच पर आयोजित होने जा रही हैं। मंगलवार को भ्यूली स्थित विपाशा सदन में आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव की आम सभा में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता धर्मपुर विस क्षेत्र के विधायक चंद्रशेखर ने की। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव का सेरी मंच के साथ ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। जिसके चलते ही महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं को इस बार सेरी मंच पर ही आयोजित करने के लिए आम सभा में सभी सदस्यों ने अपनी सहमति जताई। मंडी शिवरात्रि देव समाज का उत्सव है। इस उत्सव में देव समाज के हितों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए बताया कि गत वर्ष मंडी शिवरात्रि महोत्सव में करीब दो करोड़ 72 लाख की राशि व्यय की गई है। वितीय प्रबंधन को बेहतर किया जाएगा ताकि मंडी शिवरात्रि महोत्सव को भव्य रूप दिया जा सके।
पुलिस को बेहतर यातयात व्यवस्था के पुख्ता इंजाम के निर्देश
विधायक ने महोत्सव के दौरान सेरी मंच तथा इसके आसपास बेहतर यातायात व्यवस्था को लेकर प्लान तैयार करने बारे पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। ताकि महोत्सव के दौरान लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि देवता तथा देवलुओें, बजंतरियों के रहने तथा ठहरने के लिए पहले से बेहतर व्यवस्थाएं की जाएंगी। इस बारे जिला प्रशासन तथा महोत्सव कमेटी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
देवसदन में मिलेगी देवी देवताओं और देवलुओं को रहने की सुविधा
विधायक ने कहा कि मंडी में देव समाज के लिए देव सदन भी निर्मित किया गया है। इस बार शिवरात्रि महोत्सव में देवताओं के ठहरने के लिए देव सदन में भी व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त पड्डल मैदान में भी देवताओं तथा देवलुओं, बजंतरियों के लिए उपयुक्त जगह चिह्न्ति करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि देव समाज की समस्याओं के निपटारे के लिए उप समिति गठित की जाएगी। यह उप समिति वर्ष में दो बार बैठक आयोजित करेगी। जिसमें देव समाज से संबंधित विभिन्न समस्याओं का स्थाई हल सुनिश्चित किया जाएगा।
अंतिम प्रारूप आम लोगों के सहयोग से तैयार होगा
चंद्रशेखर ने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव को अंतिम प्रारूप आम जनमानस के सुझावों के आधार पर ही निर्धारित किया जाएगा। इस के लिए आम सभा में नागरिकोें के सुझावों को प्रमुखता के आधार पर शामिल किया जाएगा। कहा कि शिवरात्रि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न स्तरों पर कमेटियां गठित की गई हैं। इस के लिए कमेटियों की नियमित बैठकें भी आयोजित करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं।
यह रहे मौजूद
पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री, एडीसी निवेदिता नेगी, एडीएम अश्वनी कुमार, एसडीएम रितिका, एसी टू डीसी राकेश शर्मा,कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डा जय कुमार आजाद, कार्यकारी जिलाध्यक्ष शशि शर्मा, पूर्वप्रत्याशी चंपा ठाकुर, चेत राम ठाकुर, नरेश चैहान, सर्व देवता कमेटी के अध्यक्ष शिवपालशर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, नगर निगम के महापौर दीपाली, उपमहापौर तथा कांग्रेसके पदाधिकारी आकाश शर्मा, विभिन्न सरकारी तथा गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।