Politics: मोदी सरकार विपक्षी दलों का दमन करके लोकतंत्र का गला घोंटने पर तुली
-
संसद में विपक्षी सांसदों के निलंबन के विरोध में गरजे कांग्रेसी
-
शिमला और चंबा समेत प्रदेश भर में कांग्रेस ने किए प्रदर्शन
टीएनसी, संवाददाता
शिमला/चंबा । संसद में विपक्षी सांसदों के निलंबन के विरोध में शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने सभी जिलों में प्रदर्शन किया। शिमला के नाज पर भी कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। शिमला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। वहीं चंबा बाजार के मुख्य चौक पर धरना प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमल ठाकुर ने कहा कि जिस तरह से केंद्र की मोदी सरकार विपक्षी दलों का दमन करके लोकतंत्र का गला घोंटने पर तुली है, उससे प्रतीत होता है कि आने वाले समय मे देश मे तानाशाही का राज होने वाला है। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चंबा के अध्यक्ष करतार सिंह ठाकुर ने कहा कि संसद के दोनों सदनों से 142 सांसदों का निलंबन करके एनडीए सरकार ने साबित कर दिया है कि वो हर स्तर पर फेल हो चुकी है। इसलिए वो बेरोजगारी, मंहगाई, जैसे मुद्दों पर कुछ बोलना ही नहीं चाहती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी अपनी अभिव्यक्ति करने मे असमर्थ है। लोगों का ध्यान भटका कर राजनीति के नाम पर जनता का शोषण किया जा रहा है।