Padhar News: राष्ट्रहित के लिए नैतिक कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करें युवा: जवाहर ठाकुर
- पनारसा कालेज के विद्यार्थियों ने पराशर घाटी में किया पौधरोपण
टीएनसी, संवाददाता
पधर(मंडी)। राजकीय महाविद्यालय पनारसा के एनएसएस स्वयंसेवकों ने आराध्य देव श्री पराशर ऋषि मंदिर परिसर के बाहर पौधरोपण कर पर्यावरण सरंक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान स्वयंसेवकों द्वारा तीन सौ रखाल के पौधे लगाए गए। समारोह में पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि प्रकृति के सरंक्षण के लिए पौधरोपण अति आवश्यक है। बिना पेड़ पौधों की जिंदगी की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि पूर्व में विधायक रहते हुए द्रंग क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए योजनाएं क्रियान्वित की हैं। पराशर घाटी में भी पर्यटन कारोबार को बढ़ावा मिला है। देसी और विदेशी पर्यटक यहां की मनोरम वादियों का लुत्फ लेने पहुंच रहे हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि समाज सेवा के साथ-साथ राष्ट्र हित के लिए नैतिक कार्यों में अपनी अहम भागीदारी सुनिश्चित करें। इसके साथ ही स्वयंसेवकों को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने बारे प्रेरित किया।