Mandi News: देव कमरुनाग ने सर्व रक्षा करने का उदघोष किया, फसलों की उन्नति और बीमारी दूर भगाने का दिया आशीर्वाद
हाइलाइट्स
-
बड़ा देव कमरुनाग ने किया गूर की देववाणी में देव विजय का ऐलान
-
नाग पंचमी पर बड़ा देव कमरुनाग मंदिर के एक माह बाद खुले कपाट
-
किसानों व देवलुओं ने देवता से की दो सप्ताह मौसम साफ (निम्बल) रखने की प्रार्थना
-
देव वाणी (भर ) के दौरान बड़ा देव की ओर से गूर ने फसलों की सुरक्षा और हार द्वार की सुरक्षा का किया दावा
बिंदर ठाकुर
गोहर (मंडी) । घोघरधार में भाद्रपद मास कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि से शुरू हुआ देवताओं और डायनों के युद्ध में मंडी जनपद के बाद देव कमरुनाग और सहयोगी देवी देवताओं की महा विजय हुई है। नाग पंचमी के दिन बुधवार को खुले जनपद के अधिष्ठाता बड़ा देव कमरुनाग मंदिर के कपाट के बाद देवता के गूर द्वारा की गई देवता की पूजा ( कल्या) के बाद पड़ी देववाणी (भर ) में गूर देवी सिंह उर्फ देबू ने उपस्थित देवलुओं, कारदारों और भक्तों के समक्ष अपनी और देवताओं की जीत का ऐलान किया। घोघरधार महासंग्राम के परिणाम को सुन उपस्थित देवलुओं और कारदारों ने देव कमरुनाग से दो सप्ताह तक मौसम साफ रखने (निम्बल ) देने की अरदास लगाई। भर में देव कमरुनाग ने सर्व रक्षा करने का उदघोष किया और फसलो की उन्नति और बीमारी दूर भगाने का आशीर्वाद दिया। नाग पंचमी पर कमरुनाग मंदिर में भक्तों का हजूम उमड़ पड़ा। लोग एक माह कपाट बंद होने के बाद अपने ईस्ट देव के दीदार को मानो तरस गए थे। देव कमरुनाग के गूर देवी सिंह ने देवताओं की जीत की पुष्टि करते हुए बताया कि देवताओं ने डायनों को युद्ध मे हरा दिया है। उन्होंने कहा कि देवता से हार द्वार की रक्षा और फसलों की सुरक्षा को लेकर प्रार्थना की गई है। उधर कमरुनाग के पुत्र देव बालाकामेश्वर टूगरासी आगामी 22 सितंबर को जनपद की अधिष्ठात्री देवी शिकारी मंदिर में रथ के साथ सैकड़ों देवलुओं को लेकर जा रहे हैं। देवता के कारदारों और देवलुओं में इसे लेकर भारी उत्साह है।