-
जोगिंद्रनगर में एससी मोरचा की प्रेस कांफ्रेंस
जोगेंद्रनगर। एससी मोर्चा के जिला मंडी के उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता इंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश और केंद्र में जब भी कांग्रेस सरकार सत्तासीन रही तभी एससी वर्ग के लोगों को सम्मान मिला। भाजपा ने हमेशा वोट के लिए इस वर्ग के लोगों का इस्तेमाल किया। लोकसभा चुनावों में फिर कांग्रेस का परचम प्रदेश और देश में लहराएगा। इसमें एससी वर्ग के लोगों की भूमिका अहम रहेगी। बुधवार को मंडी जिला के जोगेंद्रनगर में अधिवक्ता इंद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार में एससी वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए जिन कल्याणकारी योजनाओं में कार्य चल रहे हैं उसमें इस समुदाय के लोगों में खुशी है। 68 विधानसभा क्षेत्रों में प्रदेश सरकार का एक साल का कार्यकाल विकास को तरजीह देने वाला रहा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु के नेतृत्व में पांच साल में चुनावी घोषणाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा। बुधवार को जोगेंद्रनगर में एससी मोर्चा के उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता इंद्र सिंह ने जोगेंद्रनगर में कांग्रेस के दो गुटों में चल रहे सियासी घमासान पर भी कांग्रेस के दिग्गज नेताओं को नसीहत देते हुए आपसी मतभेद को दूर कर पार्टी के हित में कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि ब्लॉक कांग्रेस जोगेंद्रनगर में सौंपी गई जिम्मेवारियों में पुर्नविचार की भी जरूरत है। वह पार्टी हाई कमान के समक्ष इस बात को रखकर दो गुटों में चल रही गहमा गहमी को भी समाप्त करने का प्रयास करेगें। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार के हाल ही में दिए गए ब्यान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आलोचना पर उन्होंने निंदा की और अपने पद की गरिमा बनाए रखने के लिए अपनी वाणी पर अंकुश लगाने का भी आहवान किया। एससी वर्ग मोर्चा के उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता इंद्र सिंह ने अपने समुदाय के लोगों और पार्टी से जुड़े समर्थकों को बिना किसी राजनैतिक लाभ से लोकसभा चुनावांे में अपनी अहम सेवाएं देने की अपील की। इस मौके पर सरोज कुमारी, राम सिंह, बीडीसी सदस्य जोगिंद्र पाल, अधिवक्ता अनिल भी मौजूद रहे।