Himachal: जयराम के बाद अब सीएम सुक्‍खू के गृह जिला में भी महिला के बाल काटे और मुंह पर कालिख पोतकर गांव में घुमाया

 

हाइलाइट्स

  • हमीरपुर के भोरंज के मनोह गांव में सामने आया ऐसा मामला
  • घटना से जुड़ा वीडियो शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल
  • पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, पांच गिरफतार, सरकार ने मांगी रिपोर्ट
  • 2019 में पहले मंडी जिला के सरकाघाट में भी हो चुकी है ऐसी घटना

टीएनसी, संवाददाता


शिमला। पहले भाजपा कार्यकाल में मुख्‍यमंत्री रहते हुए जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी के सरकाघाट में महिला के बाल काटने और मुंह पर कालिख पोतकर गांव में घुमाने का माला सामने आया था, अब सूबे के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के गृह जिला हमीरपुर के भोरंज के मनोह गांव में ऐसा ही देवभूमि को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है।  यह मामला 8 से 10 दिन पुराना बताया जा रहा है। इस घटना से जुड़ा वीडियो शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। इसके बाद हरकत में आते हुए पुलिस ने एफआईआर की और कुछ ही घंटे के भीतर 5 लोगों को गिरफ्तार किया।

महिला के साथ ऐसी अभद्रता क्यों की गई, अभी इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद हो पाएगा। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले ही महिला की शादी हुई थी। मगर महिला कुछ दिन बाद घर से चली गई थी। जब महिला लौटी तो ससुराल वालों ने उसके साथ ऐसा किया। बता दें कि नवंबर 2019 में सरकाघाट की पंचायत गाहर के समाहल गांव में 81 वर्ष की बुर्जग महिला के साथ ऐसी घटना हो चुकी है। बुजुर्ग को जादू टोना करने वाली कहकर कुछ लोगों ने बाल काटे और मुंह पर कालिख पोतकर और गले में जूतों का हार डालकर सरेआम गांव में घुमाया था। वीडियो वायरल होने पर आरोपियों को धरा गया था। हाल ही में मणिपुर में भी ऐसी घटना हुई है, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण है ।

 

तीन मिनट 42 सेकेंड का वीडियो


वायरल वीडियो करीब तीन मिनट 42 सेकेंड का है। घटना के वक्त गांव में और भी लोग मौजूद थे, जो तमाशबीन होकर इस घटना का वीडियो बनाते इन्‍हें हंसते वीडियों में हंसते हुए सुना जा सकता हैं। वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित महिला के बयान भी पुलिस में ले लिए है। महिला ने ससुराल वालों के साथ साथ गांव के लोगों के भी इसमे शामिल होने की बात कही है।

 

यह मामला दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार ने इसका संज्ञान लिया है। सरकार के स्तर पर जो भी कार्रवाई करनी होगी वो की जाएगी। बेटी को न्याय मिलेगा। प्रशासन मौके पर है और रिपोर्ट मांगी गई है।

प्रबोध सक्‍सेना, मुख्‍य सचिव

 

 

प्रदेश में कानून व्यवस्था का पूरी तरह से जनाजा निकल गया है। आलम यह है कि असमाजिक तत्व बेखौफ होकर दिन-दिहाड़े अपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। मुख्यमंत्री के गृह जिले में महिला से हुई बदसलूकी कई सवाल खड़े कर रही है। भाजपा इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करती है और सरकार के अनुरोध करती है कि इस मामले में जो भी दोषी हैं उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई अमल में लाई जाए।

नरेंद्र अत्री, प्रदेश भाजपा सचिव

 

Leave a Reply