मिसाल: सुक्खू ने अपने निजी खाते से 51 लाख मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष को किया दान
हाइलाइट्स
- अपनी धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर के साथ मुख्य सचिव को सौंपा चेक
- अब तक 170 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि कोष में हो चुकी है जमा
- प्रदेश में मानसून में भारी बारिश के कारण 8679 करोड़ का नुकसान
टीएनसी, संवाददाता
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने आपदा में अपने निजी खाते से 51 लाख रुपए की राशि मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष- 2023 में दान देकर एक मिसाल पेश की है। उन्होंने शुक्रवार को अपनी धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर के साथ मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना को यह चेक भेंट किया। अब उनके खातें में महज 17 हजार की राशी शेष बची है।
प्रदेश में कोरोना काल के दौरान भी सुखविंदर सुक्खू और ठियोग के विधायक राकेश सिंघा ने अपनी पूरी तनख्वाह आपदा राहत कोष में दी थी। मुख्यमंत्री सुक्खू निरंतर देश व प्रदेश के लोगों से आपदा से देवभूमि को बाहर निकालने के लिए आर्थिक मदद की अपील कर रहे हैं। अब तक 170 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में जमा हो गई है। प्रदेश में मानसून में भारी बारिश के कारण 8679 करोड़ की सरकारी व निजी संपत्ति तबाह हुई है।
जब छोटे-छोटे बच्चे अपने गुल्लक से राहत राशि में पैसा दे सकते हैं, तो वह अपनी जमा नकदी क्यों नहीं दे सकते। प्रदेश को इस वक्त सबकी मदद की जरूरत है। इसे देखते हुए उन्होंने अपने खाते में जमा राशि आपदा राहत कोष में देने का निर्णय लिया है।
सुखविंद्र सिंह सुक्खू, सीएम हिमाचल प्रदेश