3 राज्यों में चुनावी शंखनाद: त्रिपुरा में 16 फरवरी, मेघालय-नगालैंड में 27 फरवरी को मतदान, 2 मार्च को नतीजे
हाइलाइट्स
तीनों राज्यों में बहुमत का आंकड़ा 31
9 हजार 125 पोलिंग स्टेशन बनाए गए
तीनों राज्यों में 62.8 लाख वोटर्स
31.47 लाख महिला मतादता
80 साल से ज्यादा 97 हजार वोटर्स
1.76 लाख पहली बार करेंगे मतदान
टीएनसी, नेटवर्क
नई दिल्ली। देश के तीन राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड के विधानसभा चुनावों का शंखनाद हो गया है। चुनाव आयोग ने बुधवार को मतदान और मतगणना की तारीखों का ऐलान कर दिया। त्रिपुरा में 16 फरवरी और मेघालय और नगालैंड में 27 फरवरी को वोटिंग होगी। सभी राज्यों के नतीजे 2 मार्च को निकलेंगे। तीनों राज्यों में बहुमत का आंकड़ा 31 है। इस जादुई आंकड़े को पार करने वाली पार्टी ही सरकार बना सकेगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बुधवार को प्रेसवार्ता के दौरान तारीखों का ऐलान किया है।
1: मेघालय विधानसभा, सीटें- 60, बहुमत- 31
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार मेघालय में 2018 में 59 सीटों पर चुनाव हुए थे। कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 21 सीटें जीती थीं। बीजेपी को यहां महज 2 सीटें ही मिल सकी थीं। नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीईपी) को 19 सीटें मिली थीं। इसने पीडीएफ और एचएसपीडीपी के साथ मिलकर सरकार बनाई। इन्होंने मेघालय डेमोक्रेटिक एलायंस (एमडीए) बनाया।यहां पिछले तीन महीनों से पार्टियां चुनावी मोड में हैं। कांग्रेस ने 40 और एनपीपी ने 58 उम्मीदवारों की लिस्ट पहले ही जारी कर दी है।
2:त्रिपुरा विधानसभा, सीटें- 60, बहुमत- 31
राज्य में 2018 में 59 सीटों पर चुनाव हुए थे। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। 35 सीटें मिली थीं। भाजपा ने लेफ्ट के 25 साल के गढ़ को ध्वस्त कर दिया था। पहले बिप्लब देव सीएम बनाए गए थे, लेकिन मई 2022 में माणिक साहा को मुख्यमंत्री बना दिया गया।आगामी चुनाव में भाजपा को रोकने के लिए सीपीएम और कांग्रेस ने हाथ मिला लिया है। एक और बड़ी पार्टी ममता बनर्जी की टीएमसी भी है, जो भाजपा को टक्कर दे सकती है।
3: नगालैंड विधानभा, सीटें-60, बहुमत-31
नगालैंड में नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी की सरकार है। नेफ्यू रियो सीएम हैं। एनडीपीपी 2017 में अस्तित्व में आई थी। एनडीपीपी ने तब 18 और भाजपा ने 12 सीटें जीती थीं। दोनों दलों ने चुनाव से पहले गठबंधन किया था। सरकार में एनडीपीपी, भाजपा एनपीपी और जेडीयू शामिल हैं।
इस साल 9 राज्यों में चुनाव, शुरुआत नॉर्थ ईस्ट
2024 में लोकसभा चुनाव से पहले पूर्वोत्तर के राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड के अलावा कुल 9 राज्यों में चुनाव होंगे। नॉर्थ ईस्ट के बाद अप्रैल या मई में कर्नाटक में भी विधानसभा चुनाव कराए जाने की संभावना है। इसके अलावा 40 सदस्यों वाली मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल भी इसी साल 17 दिसंबर को खत्म हो रहा है। जबकि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना में जनवरी 2024 में अलग-अलग तारीखों पर कार्यकाल खत्म होगा।