द्रंग कांग्रेस ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को किया याद
टीएनसी, संवाददाता
पधर(मंडी)। द्रंग ब्लाक कांग्रेस द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती सादगी के साथ मनाई गई।
पार्टी कार्यलय पधर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूप सिंह धरवाल ने की।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूप सिंह धरवाल ने कहा कि महात्मा गांधी का देश के लिए जो योगदान रहा है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने अपने अहिंसावादी विचारों से पूरे विश्व की सोच बदल दी। आजादी एवं शांति की स्थापना ही उनके जीवन का एक मात्र लक्ष्य था। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि गांधी जी के बताए रास्ते पर चलते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सार्थक भूमिका निभाएं। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष केहर सिंह ठाकुर, सुरेश राव, नवीन सकलानी, शेर सिंह, चमन लाल सकलानी, लेख राम ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।